
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ । लखनऊ के छावनी इलाके में बने मध्य कमान मुख्यालय से 2 जून को एक खास अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान का नाम है। प्लास्टिक उन्मूलन कारसेवा। इसे सेना के बड़े अफसर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अतुल्य गंगा ट्रस्ट के फाउंडर गोपाल शर्मा और लेफ्टिनेंट कर्नल हेम लोहुमी भी मौजूद रहे। सेना के कुछ और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। यह अभियान सेना के रिटायर्ड अफसरों की पहल है। अतुल्य गंगा ट्रस्ट नाम का ये संगठन 2019 से गंगा की सफाई और उसके संरक्षण के लिए काम कर रहा है। अब 5 जून से 7 जून तक यह ट्रस्ट उत्तराखंड में एक खास सफाई अभियान चलाएगा। इसका मकसद है गंगा किनारे प्लास्टिक हटाना, पेड़ लगाना और यह पता लगाना कि पानी में कितना माइक्रो प्लास्टिक मिला है। 3 जून को अतुल्य गंगा के वॉलंटियर्स (स्वयंसेवक) उत्तराखंड में इकट्ठा होंगे और गंगोत्री से हर्षिल के बीच फैले प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा करेंगे। ये काम रोज चलेगा और 7 जून तक पूरा होगा। जो कचरा जुटाया जाएगा, उसे निपटाने के लिए लोकल नगर पालिकाओं को सौंपा जाएगा। इस सफाई अभियान को उत्तराखंड सरकार, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान का पूरा साथ मिल रहा है। साथ ही बिसलेरी कंपनी भी इसमें मदद कर रही है। अफसरों ने कहा कि प्लास्टिक हटाओ कारसेवा सिर्फ सफाई का काम नहीं कर रही, बल्कि लोगों की सोच बदलने की भी कोशिश कर रही है, ताकि हम सब मिलकर गंगा और दूसरी नदियों को सुरक्षित रख सकें।