राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत आश्रित परिवारों को प्रतीकात्मक चेक अम्बेडकर नगर अकबरपुर में किया गया। इसीक्रम में जनपद के समस्त तहसीलों में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना अन्तर्गत आश्रितों को सहायता राशि वितरित की गयी। तहसील अकबरपुर में विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान व जिलाधिकारी आलोक सिंह ने आश्रित परिवारों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। जनपद में कुल 403 आश्रित परिवारों को लगभग 19 करोड़, 51 लाख, 50 हजार की सहायता राशि वितरित की गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें यह योजना विशेष रूप से दुर्घटना के समय पीड़ित कृषक या उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत कृषक की मृत्यु या पूर्ण विकलांगता की स्थिति में रू 5 लाख तक की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जबकि आंशिक विकलांगता की स्थिति में रू 2.50 लाख तक की सहायता का प्रावधान है। पात्र कृषकों की पहचान एवं सहायता वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो, ताकि अधिक से अधिक कृषक इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। एमएलसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के माध्यम से किसानों को विषम परिस्थितियों में सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने सरकार द्वारा कृषक हित में चलाई जा रहीं अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। जनपद के अन्य तहसीलों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना अन्तर्गत आश्रित परिवारों को सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, उप जिलाधिकारी अकबरपुर सहित लाभार्थी, आमजन व सम्बन्धित उपस्थित रहे।






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































