राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कानपुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने थाना कल्याणपुर का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने समाधान दिवस पर उपस्थित फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों की तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगंतुकों और पीड़ितों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने, उन्हें बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने थाने के सभी चौकी प्रभारियों, उपनिरीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीट पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं की पहचान, जांच और समयबद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त, कल्याणपुर भी मौजूद रहे।



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































