
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कोरोना के 6 नए केस सामने आए हैं। बुधवार को आई कोविड रिपोर्ट के अनुसार राजधानी में 6 नए पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं। इसी के साथ लखनऊ में इस सीजन में अब तक 44 केस सामने आ चुके हैं। वहीं, 24 घंटे में राज्य में 19 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसी के साथ कोरोना संक्रमितों के एक्टिव केस की संख्या 257 तक पहुंच गई है। राजधानी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल के 27 साल के डॉक्टर की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर को पिछले 3 दिन से जुकाम और बुखार के लक्षण थे। लक्षण दिखने पर जांच के लिए सैंपल दिया। फिलहाल होम आइसोलेशन में ही इलाज चल रहा। हजरतगंज स्थिति रेमंड शोरूम के 75 साल के ओनर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बीते दिनों वो एक अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। उन्हें 15 जून से जुकाम बुखार है। फिलहाल वो होम आइसोलेशन में है। आशियाना के 81 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। 15 दिन से बीमार होने के बाद जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई। साथ ही कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। फिलहाल होम आइसोलेशन में भी इलाज चल रहा है।