राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ। नरही में बुधवार को जलकल विभाग की तरफ से जलापूर्ति व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जलकल के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर विभिन्न मकानों में जाकर जलापूर्ति की गुणवत्ता की जानकारी ली। मौके पर जलकल जीएम ने पानी भी पीकर चेक किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने कुछ घरों में नलों से आ रहे पानी को खुद पीकर उसकी गुणवत्ता को परखा। उन्होंने नागरिकों से पानी की आपूर्ति समय, दबाव और स्वच्छता से संबंधित फीडबैक भी लिया। मौके पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जल आपूर्ति से संबंधित कोई भी समस्या सामने आए, उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था भी पहले से तैयार रखी जाए। निरीक्षण के दौरान जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता जोन-1 उत्कर्ष राय, अधिशासी अभियंता सचिन सिंह यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जलकल जीएम ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या तकनीकी समस्या का तुरंत निराकरण हो सके।



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































