राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ। शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद नकवी ने इजराइल का विरोध किया। ईरान पर इजरायल के हमले की निंदा करते हुए इसे क्षेत्र में तीसरा विश्व युद्ध छेड़ने के समान बताया। मौलाना ने अपने बयान में कहा कि हम ईरान पर इजरायल के हमले की कड़ी निंदा करते हैं। इस हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। विशेष रूप से हम ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामनाई के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। मौलाना ने कहा कि इस समय ईरान ही अमेरिका और इजराइल का मुकाबला कर रहा है। किसी भी मुस्लिम देश में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह अमेरिका और इजराइल के विरुद्ध एक शब्द भी कह सके। ईरान हमेशा साम्राज्यवादी और अहंकारी ताकघ्तों की आँखों में खटकता रहता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल इंसानियत के खुले दुश्मन हैं। अब दुनिया को इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए। मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि आयतुल्लाह सैय्यद अली खामनाई इजराइल को पराजित करेंगे। मौलाना ने अरब देशों का जमकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि अरब देश फलस्तीन और गजा के पीड़ितों की मदद नही कर रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों मासूम गजा में मार दिए गए। भूख की वजह से हजारों लोगों की मौत हो गई। स्कूल और अस्पताल सभी बर्बाद हो चुके हैं। मौलाना ने कहा कि अन्याय करने वालों का अंत जरूर होगा। मौलाना ने अहमदाबाद एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। मौलाना ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा दिल दहला देने वाला है। हम अपने देशवासियों की मौत पर सदमे में हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम उनके परिवारों के साथ हैं। मौलाना ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह हर संभव प्रयास करे ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































