सण्डीला /हरदोई- जनपद के सण्डीला क़स्बा के मोहल्ला महतवाना निवासी 22 वर्षीय प्रणव मिश्रा ने हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें सम्मानित किया।
प्रणव मिश्रा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एस. बी. पब्लिक स्कूल, सण्डीला से पूरी की और उसके बाद हरदोई से बी.कॉम किया। वर्तमान में वे यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी उनकी रुचि और मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
प्रणव की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
हाईकोर्ट लखनऊ बेंच के अधिवक्ता अभिषेक दीक्षित ने बताया की प्रणव मिश्रा की मेहनत और समर्पण से यह सिद्ध होता है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किए जाएं, तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी इस उपलब्धि से सण्डीला और हरदोई के युवाओं में खेल के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार होगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह सफलता प्राप्त कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
जनहित जागरण समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश अग्निहोत्री, जन अधिकार संघर्ष मंच के अध्यक्ष मुईज़ सागरी, संडीला प्रेस क्लब के अध्यक्ष लाल चंद्र चौरसिया , प्रभारी प्रभात अस्थाना सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































