“Moradabad Road Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।“
मुरादाबाद। मुरादाबाद जिले के मूंढ़ापांडे क्षेत्र में सोमवार सुबह लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार रामपुर की ओर से आ रही थी। मूंढ़ापांडे के मनकरा मोड़ के पास कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत मूंढ़ापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कार सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक युवक की पहचान दयाल सिंह निवासी अपर माल रोड, बीमिला कंपाउंड, नैनीताल के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक यशदीप निवासी हल्द्वानी है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और अचानक सामने आए वाहन के कारण हुआ माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































