“गणतंत्र दिवस परेड 2026 में 30 झांकियों, 29 लड़ाकू विमानों, 6,000 सैनिकों और आधुनिक हथियारों का भव्य प्रदर्शन हुआ। ‘वंदे मातरम्’ थीम पर 90 मिनट की परेड ने सबका मन मोह लिया।“
हाइलाइट्स :
- गणतंत्र दिवस परेड 2026 में 30 झांकियां और 29 लड़ाकू विमान
- ‘वंदे मातरम्’ थीम पर आधारित थी परेड
- 6,000 सैनिकों और 18 मार्चिंग कंटिनजेंट्स का शौर्य प्रदर्शन
- ब्रह्मोस, आकाश, धनुष, अर्जुन टैंक जैसे आधुनिक हथियार
- यूरोपीय संघ के अध्यक्ष और EU की प्रमुख मुख्य अतिथि के रूप में शामिल
- ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मान
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड 2026: 90 मिनट की भव्य परेड में देश का शौर्य और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित इस परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथियों के साथ समारोह में शामिल हुईं।

इस साल की परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’ थी, क्योंकि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी थीम के अनुरूप कर्तव्य पथ को सजाया गया और झांकियों में भी इस थीम की झलक देखने को मिली।
परेड की खास बातें
- परेड में लगभग 6,000 सैनिक और 18 मार्चिंग कंटिनजेंट्स ने हिस्सा लिया।
- 13 बैंड और 61 कैवेलरी के घुड़सवारों का भव्य प्रदर्शन भी रहा।
- भैरव लाइट कमांडो बटालियन पहली बार परेड में शामिल हुई।
- ड्रोन और आधुनिक प्रणालियों से लैस नई आर्टिलरी रेजिमेंट ‘शक्तिबान’ ने भी परेड में भाग लिया।
- 148 गर्ल्स कैडेट वाले NCC दल ने भी कर्तव्य पथ पर मार्च किया।

हथियार और मिसाइलों का जोरदार प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस परेड 2026 में भारत के स्वदेशी और आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन रहा। इस सूची में शामिल थे:
ब्रहमोस, आकाश मिसाइल सिस्टम, सूर्यस्त्र रॉकेट लॉन्चर, धनुष तोप, ATAGS, MRSAM, अर्जुन टैंक और कई भारी बख्तरबंद वाहन।

वायुसेना का पराक्रम
परेड के बाद वायुसेना ने 29 लड़ाकू विमानों के साथ दिल्ली के आसमान में उड़ान भरकर एक यादगार प्रदर्शन किया।
इस साल राफेल, सुखोई (Su-30), मिग-29 और जैगुआर जैसे विमानों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम के तहत formation उड़ान दिखाई।

सम्मान और मुख्य अतिथि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्रुप कैप्टन और एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया।
इस साल मुख्य अतिथि के रूप में यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को आमंत्रित किया गया था।

झांकियों का आकर्षण
इस परेड में 30 झांकियां निकाली गईं।
इनमें 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां थीं और 13 झांकियां विभिन्न मंत्रालयों की भी थीं।
यह झांकियां देश की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत चित्र प्रस्तुत कर रही थीं।

महिला शक्ति का प्रदर्शन
परेड में CRPF बटालियन की कमान पहली बार महिला अधिकारी को सौंपी गई थी।
26 वर्षीय असिस्टेंट कमांडेंट सिमरन बाला ने CRPF की टुकड़ी का नेतृत्व किया, जिसे सुरक्षा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































