
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज 52वां जन्मदिन है। इस खास मौके पर देशभर से खासकर उत्तर प्रदेश में उनके समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और तमाम राजनीतिक नेता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बधाई देते हुए लिखा: “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!” इस शुभकामना पर अखिलेश यादव ने भी जवाब देते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा: “आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।”वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर बधाई देते हुए लिखा: “सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण और भोलेनाथ की कृपा आप पर बनी रहे।”बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा: “समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं सांसद अखिलेश यादव को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी कार्यालयों और जिलों में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है। भंडारे, जनसेवा कार्यक्रम और केक काटने जैसे आयोजनों की तैयारी की गई है। सपा की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप (रक्तदान शिविर) का आयोजन भी किया गया है, जिसमें हजारों कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे।अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद राजनीति में कदम रखा। वे मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं और उनके राजनीतिक वारिस माने जाते हैं। साल 2012 में अखिलेश ने सपा को जीत दिलाकर यूपी के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश की अगुवाई में सपा ने जोरदार वापसी की और बीजेपी को कई सीटों पर मात दी।