राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : योगी सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही की गाड़ी अब उत्तर प्रदेश में नहीं चलेगी। कृषि विभाग में गड़बड़ियों की खबर मिलते ही दो वरिष्ठ अफसरों पर गाज गिर गई। प्रक्षेत्र प्रबंधक नत्थू लाल गंगवार और राम तेज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इन अफसरों पर आरोप है कि उन्होंने फसलों के उत्पादन में घोर लापरवाही बरती, जिससे सरकारी प्रक्षेत्रों की उपज और उत्पादकता दोनों में भारी गिरावट आई।
नत्थू लाल गंगवार, प्रक्षेत्र प्रबंधक, राजकीय ऊसर सुधार प्रक्षेत्र-जैतपुर एवं कासिमाबाद, हरदोई पर फसल नियंत्रण में शिथिलता और कमजोर प्रबंधन का आरोप है।
वहीं, राम तेज यादव, प्रक्षेत्र प्रबंधक, रहीमाबाद, लखनऊ और वर्तमान में उप कृषि निदेशक (शोध), बाराबंकी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें भी इसी तरह की लापरवाही के चलते निलंबन का सामना करना पड़ा।
इस कड़ी कार्रवाई पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सख्त संदेश देते हुए कहा,
“जिसे सरकारी जिम्मेदारी की कद्र नहीं, उसे कुर्सी पर रहने का हक नहीं! विभाग में कोई भी लापरवाह अफसर बख्शा नहीं जाएगा। योगी सरकार की नीति साफ है – जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन।”
सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में और भी लापरवाह अफसरों की लिस्ट तैयार हो चुकी है। अब “ढिलाई” दिखाने वालों की खैर नहीं।


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































