
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
टेलीविजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर टीवी शो ‘निशा और उसके कजिन्स’ में नजर आने वाले अभिनेता विभु राघव का 2 जून 2025 को निधन हो गया। वह लंबे समय से स्टेज 4 कोलन कैंसर से जूझ रहे थे।
विभु राघव का असली नाम वैभव कुमार सिंह राघव था। उन्होंने मुंबई के नानावटी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बीमारी के चलते वह पिछले कुछ समय से मीडिया और सोशल मीडिया से दूर हो गए थे। उनकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
विभु को 2022 में कोलन कैंसर का पता चला था। बीमारी का इलाज काफी महंगा था और लगातार इलाज के चलते उन्हें आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ा। इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो गया था, जिसके बाद उनके दोस्तों ने सोशल मीडिया पर आर्थिक मदद की अपील की थी।
सोशल मीडिया पर साझा की थी अपनी जंग
बीमारी के शुरुआती समय में विभु सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। वह अपनी हेल्थ अपडेट्स और इलाज की जानकारी अपने फॉलोअर्स के साथ साझा करते रहते थे। वह हमेशा सकारात्मक सोच के साथ अपनी जंग लड़ते रहे, लेकिन मई 2025 से उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी।