
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने यूपी दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सूचना विभाग की प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने महिला कल्याण विभाग के मिशन शक्ति फोल्डर का विमोचन किया और सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली। इसके साथ ही नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया और नववधु महिलाओं को शगुन किट प्रदान की।
सर्किट हाउस में पहुंचकर नगर विकास मंत्री ने सलामी ली और सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर शुभकामनाएं दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के विकास कार्यों और समस्याओं पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का प्राचीन वैभव, संस्कृति और सभ्यता अनमोल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कभी बीमारू राज्य नहीं था, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों और कार्यशैली ने इसे उस श्रेणी में ला दिया। बीते 7-8 वर्षों में हुए विकास ने प्रदेश को इस श्रेणी से बाहर निकाला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान राम, कृष्ण, ऋषियों और महर्षियों की भूमि है, जहां गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियां प्रवाहित होती हैं। उन्होंने रामचरितमानस और रामायण के संदर्भों का उल्लेख करते हुए प्रदेश के वैभवशाली इतिहास की याद दिलाई।
मंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ 2025 इस सदी का सबसे भव्य आयोजन होगा। अब तक 10 करोड़ लोग पवित्र स्नान कर चुके हैं और मौनी अमावस्या के दिन 8-10 करोड़ लोगों के पहुंचने की संभावना है। पूरे कुंभ के दौरान 40-45 करोड़ लोगों के आने का अनुमान है।
उन्होंने प्रदेश में हो रहे चौमुखी विकास पर जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य से निकलकर देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। कृषि, दूध, सब्जी, आलू, गन्ना, आम आदि के उत्पादन में यह राज्य सबसे आगे है। साथ ही, यह एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट के लिए भी जाना जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री ने गरीबों को कंबल वितरित किए, सफाई मित्रों को साल, किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को 61.15 करोड़ रुपये के चेक प्रदान किए और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 3.10 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया और उनकी प्रशंसा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।