“दिल्ली जल बोर्ड लापरवाही का मामला सामने आया है। जनकपुरी में बिना बैरिकेडिंग खोदे गए गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जांच जारी।“
हाइलाइट्स:
- नोएडा के बाद दिल्ली में भी सिस्टम की लापरवाही उजागर
- जनकपुरी में जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में गिरा बाइक सवार
- अंधेरा और चेतावनी संकेत न होने से हुआ हादसा
- युवक की मौके पर ही मौत
- मंत्री आशीष सूद ने जांच के दिए आदेश
नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। नोएडा के बाद अब राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में खुले और बिना सुरक्षा संकेतों वाले गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना ने राजधानी में सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जो गुरुवार रात रोहिणी स्थित अपने दफ्तर से काम खत्म कर घर लौट रहा था। वह रास्ते में फोन के जरिए लगातार परिजनों के संपर्क में था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और पूरी रात उसकी तलाश करते रहे।
शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस के एक फोन कॉल से परिजनों को हादसे की जानकारी मिली। पुलिस ने जनकपुरी इलाके में एक निर्माणाधीन गड्ढे के अंदर कमल को उसकी बाइक के साथ गिरा हुआ पाया। जांच में सामने आया कि अंधेरा होने और गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड न होने के कारण बाइक सीधे गड्ढे में जा गिरी, जिससे कमल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने दिल्ली जल बोर्ड पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम होते, तो इस हादसे को रोका जा सकता था।
मृतक के दोस्त ने बताया कि गुरुवार रात कमल से आखिरी बातचीत में उसने कहा था कि वह घर से सिर्फ 15 मिनट की दूरी पर है। लेकिन एक घंटे बाद भी जब वह नहीं पहुंचा, तो सभी चिंतित हो गए। परिजनों ने रात में पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन वहां से सुबह तक इंतजार करने को कहा गया।
मंत्री आशीष सूद का बयान
दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा-
“मैंने तुरंत जल बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सभी सावधानियों की जांच के निर्देश दिए हैं। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।”
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































