प्रिंस एंड्रयू गिरफ्तार। एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद UK की थेम्स वैली पुलिस ने कार्रवाई की। किंग चार्ल्स के भाई पर पब्लिक ऑफिस में गलत काम के आरोप की जांच।

हाइलाइट्स :

  • एपस्टीन फाइल्स मामले में प्रिंस एंड्रयू गिरफ्तार
  • थेम्स वैली पुलिस ने की आधिकारिक पुष्टि
  • पब्लिक ऑफिस में गलत काम के आरोप की जांच
  • सैंड्रिंघम एस्टेट से हिरासत में लिया गया
  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मामला बना सुर्खियों में

नई दिल्ली/लंदन। एपस्टीन फाइल्स में नाम सामने आने के बाद ब्रिटेन में बड़ी कार्रवाई की गई है। ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस प्रिंस एंड्रयू को यूके पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसे इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पब्लिक ऑफिस में गलत काम का आरोप

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गिरफ्तारी पब्लिक ऑफिस में कथित गलत आचरण (misconduct in public office) के शक में की गई है। Thames Valley Police ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि लगभग 60 वर्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक बयान में नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ हुई है।

पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद यह कदम उठाया गया है और अब औपचारिक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एपस्टीन से जुड़ी रिपोर्टों की जांच

पुलिस उन रिपोर्टों की भी जांच कर रही है, जिनमें आरोप है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने वर्ष 2010 में अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को कुछ गोपनीय सूचनाएं भेजी थीं। एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और संपर्कों को लेकर पहले भी प्रिंस एंड्रयू विवादों में रहे हैं।

जन्मदिन के दिन गिरफ्तारी

गौरतलब है कि प्रिंस एंड्रयू का गुरुवार को 66वां जन्मदिन था। इसी दिन सुबह पुलिस उनके सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित आवास पर पहुंची। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में घर के बाहर कई पुलिस वाहनों को देखा गया, जिसके बाद पुलिस के बयान से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि हुई।

ब्रिटेन की राजनीति और राजशाही पर असर

इस घटनाक्रम को ब्रिटिश राजशाही के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। पहले से ही एपस्टीन कांड को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा रहा है। अब इस गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *