“संत रविदास जयंती 2026 पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के बाराबिरवा मठ में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि संतों का तप समाज को संघर्ष से उबारने की शक्ति देता है और सरकार संत रविदास के विचारों को योजनाओं के माध्यम से साकार कर रही है।“
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संतों का तप और उनकी वाणी समाज को हर कठिन परिस्थिति से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज ने सदियों पहले सामाजिक समरसता, समानता और अन्न की उपलब्धता का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
रविवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी कानपुर रोड स्थित बाराबिरवा संत रविदास मठ पहुंचे। यहां उन्होंने संत रविदास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और मठ परिसर में कराए गए सुंदरीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की प्रेरणा से ही आज ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत रामानंद परंपरा के संतों ने समाज को जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया और सामाजिक एकता को मजबूत किया।
600 वर्ष पहले सबको अन्न की कल्पना
सीएम योगी ने कहा कि संत रविदास ने लगभग 600 वर्ष पूर्व ही यह संदेश दिया था कि समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज सरकार सभी नागरिकों को अन्न उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने संत रविदास की प्रसिद्ध कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उन्होंने कहा “चलो स्नान करते हैं” और उनकी दमड़ी को गंगा ने स्वीकार किया, यह उनकी महानता और तप का प्रतीक है। संतों की वाणी कभी निष्फल नहीं जाती।
2017 के बाद बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन (चीर गोवर्धन) तक पहुंचना भी कठिन था, लेकिन अब उसे भव्य रूप से विकसित किया गया है। वहां स्थापित विशाल प्रतिमा आज पांच किलोमीटर दूर से दिखाई देती है।
गरीब कल्याण योजनाएं संत रविदास के विचारों का साकार रूप
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के बाद से गरीबों के बैंक खाते खोले गए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए गए, शौचालय, गैस, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बीते छह वर्षों से जरूरतमंदों को निःशुल्क राशन भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ये सभी प्रयास सद्गुरु रविदास जी महाराज की प्रेरणा का ही परिणाम हैं।
माघ पूर्णिमा पर करोड़ों श्रद्धालुओं ने किया स्नान
मुख्यमंत्री ने बताया कि माघ पूर्णिमा के अवसर पर अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में गंगा स्नान कर चुके हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































