“लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंदा। हादसे में 6 साल के बच्चे की मौत, 5 घायल। आरोपी चालक फरार, पुलिस CCTV से तलाश में जुटी।”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लखनऊ में तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े 6 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कानपुर रोड पर हुआ हादसा
यह हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास, बंथरा थाना क्षेत्र में हुआ। बंथरा के सहिजनपुर निवासी प्रमोद कुमार अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दुकान से सामान लेने गए थे। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी।
एक के बाद एक कई लोगों को मारी टक्कर
बाइक को टक्कर मारने के बाद कार और अधिक अनियंत्रित हो गई और बंथरा निवासी पापे उर्फ पउवा के 12 वर्षीय बेटे अरमान को चपेट में ले लिया। इसके बाद कार ने उन्नाव जिले के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) को भी टक्कर मार दी।
इतना ही नहीं, कार ने उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के पथरहा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) को भी टक्कर मारी और आगे खड़े एक खाली ऑटो में जा घुसी।
अस्पताल पहुंचते ही बच्चे की मौत
राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दीक्षांत को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी चालक फरार, नाबालिग होने की आशंका
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार स्विफ्ट डिजायर थी, जिसमें चालक के साथ एक लड़की भी सवार थी। घटना के बाद लड़की कार से उतर गई, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
CCTV से तलाश में जुटी पुलिस
बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के अनुसार, लड़की ने चालक का नाम गौरव बताया है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ने वाले नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































