“गुजरात के बनासकांठा जिले के पडलिया गांव में पौधरोपण के दौरान 500 लोगों ने पुलिस, वन व राजस्व विभाग की टीम पर धनुष-बाण व पथराव किया, 47 अधिकारी घायल।”
बनासकांठा, गुजरात । गुजरात में अधिकारियों पर हमला — गुजरात के बनासकांठा जिले के पडलिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों की भीड़ ने सरकारी अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग के 47 अधिकारी घायल हो गए।
जिला कलेक्टर के अनुसार, तीनों विभागों की संयुक्त टीम गांव में पौधरोपण अभियान चला रही थी। इसी दौरान अचानक करीब 500 लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और अधिकारियों पर पथराव के साथ-साथ धनुष-बाण से हमला कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों को जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। हमले में कई अधिकारियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ग्रामीणों के हमले की वजह क्या थी। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, घटना को कानून-व्यवस्था के गंभीर उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































