“अजीत पवार प्लेन क्रैश मामले में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने साजिश की आशंका जताते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की है। जानिए VSR कंपनी, DGCA और TDP कनेक्शन पर उठे सवालों की पूरी खबर।“
हाइलाइट्स :
- अजीत पवार प्लेन क्रैश मामले में साजिश का आरोप
- रोहित पवार ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री के इस्तीफे की मांग की
- VSR कंपनी और DGCA अधिकारियों पर गंभीर सवाल
- TDP से कथित संबंधों को लेकर जांच की मांग
- पीएम मोदी और गृह मंत्री से हस्तक्षेप की अपील
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार की कथित प्लेन क्रैश में हुई मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की है।
शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने आरोप लगाया कि इस हादसे के पीछे “बड़ी साजिश” हो सकती है, जिसमें राजनीतिक और कारोबारी हित जुड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस वीएसआर कंपनी के विमान से यह दुर्घटना हुई, उसे प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है।
“दो तरह की साजिश हो सकती है”
रोहित पवार ने कहा कि साजिश राजनीतिक भी हो सकती है और व्यावसायिक भी। उन्होंने आरोप लगाया कि वीएसआर कंपनी का संबंध तेलुगु देशम पार्टी से जुड़े लोगों से है और कुछ बड़े कारोबारी परिवार भी इसमें शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे हम जांच में गहराई से जा रहे हैं, नए तथ्य सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र की जनता के मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।”
DGCA अधिकारियों पर भी सवाल
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि इस मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी संदिग्ध भूमिका में हो सकते हैं। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच करनी है तो संबंधित मंत्रालय के प्रमुख को जांच पूरी होने तक पद पर नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सीधे हस्तक्षेप कर मामले की निगरानी करने की अपील की। रोहित पवार ने बताया कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री को ईमेल भी भेजेंगे।
TDP और फंडिंग पर आरोप
रोहित पवार ने दावा किया कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के परिवार के सदस्य कथित रूप से इस कंपनी को फंड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों का कंपनी से संबंध है, तो निष्पक्ष जांच पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पद से हट जाना चाहिए।
पहले भी उठा चुके हैं सवाल
इस महीने की शुरुआत में भी रोहित पवार ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया था कि वीएसआर कंपनी विमान रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरतती है। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि आपात स्थिति में भी इस कंपनी के विमानों का उपयोग न करें।
रोहित पवार ने कहा कि अजीत पवार को न्याय दिलाना उनका उद्देश्य है और इसके लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































