“उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से हर दिन 50 लाख यूनिट ग्रीन बिजली उत्पादन हो रहा है। 3.57 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम से बिजली बिल में 90% तक राहत मिली है।“
हाइलाइट्स :
- CO₂ उत्सर्जन में सालाना 15 लाख टन तक की कटौती
- यूपी में पीएम सूर्य घर योजना के 10.94 लाख से अधिक आवेदन
- 3.57 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित
- हर दिन 50 लाख यूनिट से अधिक ग्रीन बिजली उत्पादन
- उपभोक्ताओं के बिजली बिल में 60 से 90 प्रतिशत तक कमी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हर दिन 50 लाख यूनिट ग्रीन बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बड़ी राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन के जरिए देश में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरा है।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत उत्तर प्रदेश में अब तक 10.94 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। राष्ट्रीय पोर्टल के अनुसार पूरे देश में 58.36 लाख आवेदन आए हैं, जिनमें सबसे बड़ा योगदान यूपी का है।
3.57 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम
योगी सरकार, यूपीनेडा और बिजली वितरण कंपनियों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में 3,57,879 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इससे राज्य की कुल स्थापित सौर क्षमता 1,227.05 मेगावाट तक पहुंच गई है।
योजना के अंतर्गत अब तक उपभोक्ताओं को ₹2,440.62 करोड़ की केंद्रीय सब्सिडी और लगभग ₹600 करोड़ की राज्य सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है।
बिजली बिल में सीधा फायदा
पीएम सूर्य घर योजना के तहत लगाए गए सोलर सिस्टम से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में 60 से 90 प्रतिशत तक की कमी आई है।
औसतन हर परिवार को ₹1,500 से ₹3,000 प्रति माह की बचत हो रही है। नेट मीटरिंग सुविधा के तहत अतिरिक्त बिजली ग्रिड में समायोजित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त लाभ मिल रहा है।
हर दिन 50 लाख यूनिट ग्रीन बिजली
प्रदेश में प्रतिदिन 50 लाख यूनिट से अधिक सौर बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे बिजली वितरण कंपनियों पर पीक डिमांड का दबाव कम हुआ है और ऊर्जा आपूर्ति प्रणाली अधिक स्थिर बनी है। यह उत्तर प्रदेश को ऊर्जा आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका
इस योजना के चलते राज्य में हर साल 13 से 15 लाख टन CO₂ उत्सर्जन में कमी आ रही है। कोयला आधारित बिजली पर निर्भरता घटने से वायु प्रदूषण और ग्रीनहाउस गैसों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भारत के नेट-ज़ीरो 2070 लक्ष्य को मजबूती मिल रही है।
डिजिटल और ग्रीन एनर्जी इकोसिस्टम
योगी सरकार भविष्य में पीएम सूर्य घर योजना को यूनिफाइड एनर्जी इंटरफेस (UEI) आधारित डिजिटल ढांचे से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इससे स्मार्ट मीटरिंग, कार्बन क्रेडिट, ईवी चार्जिंग और ग्रीन फाइनेंसिंग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे यूपी के एमएसएमई और निर्यातक वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे।















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































