“उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम से लखनऊ समेत 27 जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। उन्नाव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के 27 से अधिक जिलों में इस बदलाव का असर देखने को मिला।
सुबह करीब 9:30 बजे आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 10 बजे दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को मौसम के तेवर का अंदाजा हुआ। यह इस सीजन की पहली बड़ी बारिश मानी जा रही है।
इस बीच उन्नाव से दुखद खबर सामने आई, जहां आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बारिश से बचने के प्रयास में थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 48 घंटों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
प्रभावित जिलों में फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, इटावा, औरैया, बांदा, जालौन और हमीरपुर समेत कई क्षेत्र शामिल हैं।
खेती को भारी नुकसान
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं की फसल इस समय पकने की स्थिति में है, ऐसे में तेज हवा और बारिश से फसल गिरने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा सरसों, मटर, आलू और आम की बौर को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बारिश से फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
तापमान में गिरावट
बारिश और ओलावृष्टि के चलते दिन और रात के तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी वज्रपात और मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जबकि सोमवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































