“लखनऊ में CM योगी आदित्यनाथ ने 1100 से ज्यादा नर्सिंग अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर दिए। डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने मरीजों की सेवा और संयम रखने की सलाह दी। जानें पूरी खबर…”
लखनऊ। लखनऊ स्थित लोकभवन में रविवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1100 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 1097 महिला और 131 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। कुछ अभ्यर्थियों को मंच से सीधे नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि अन्य को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के संबोधन से हुई। उन्होंने नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों के व्यवहार से विचलित हुए बिना धैर्य और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कई बार मरीज और उनके परिजन तनाव या पीड़ा के कारण अपना आपा खो सकते हैं, लेकिन नर्सिंग स्टाफ को हर परिस्थिति में संयमित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर उपचार कर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन मरीज की देखभाल और उसे मानसिक रूप से संभालने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी नर्सों की होती है।

उपमुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। यदि तैनाती के दौरान आवास या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे सीधे प्रशासन को अवगत कराएं, उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में नवरात्र के अवसर पर बड़ी संख्या में बेटियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब नर्सिंग कर्मी मरीज के सहयोगी बनकर कार्य करते हैं तो उपचार के सकारात्मक परिणाम स्वतः सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और यह ऐसा क्षेत्र है जहां लगभग शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि भारत के नर्सिंग पेशेवरों की मांग जापान, जर्मनी, कोरिया और यूरोप के कई देशों में तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर भी खुल रहे हैं।

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान में सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर इनकी संख्या बढ़कर 81 हो चुकी है। एमबीबीएस सीटों की संख्या 5390 से बढ़कर 12700 हो गई है, वहीं पीजी सीटें 1221 से बढ़कर 5056 तक पहुंच गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” की अवधारणा को लागू कर रही है, जिससे हर जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा को भी तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ को मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व में स्वास्थ्य संस्थानों में अव्यवस्था और अनियमितताएं देखने को मिलती थीं, लेकिन अब पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और इसमें किसी प्रकार की सिफारिश या लेन-देन नहीं हुआ है।

कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि चयनित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं सहित विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और विशेष चिकित्सा संस्थानों में की जाएगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































