“भारी बारिश और बिजली कटौती के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वृंदावन में संत प्रेमानंद से मुलाकात कर आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। ISKCON और प्रेम मंदिर में भी किए दर्शन। पढ़ें पूरी रिपोर्ट । “
वृंदावन/मथुरा। जोरदार बारिश और खराब मौसम के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ब्रज दौरा आध्यात्मिक रंग में डूबा नजर आया। अपने तीन दिवसीय मथुरा प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने शुक्रवार सुबह तड़के वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद के श्री राधा केली कुंज आश्रम में पहुंचकर उनसे एकांत वार्ता की।
सुबह करीब चार बजे से ही तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी था, लेकिन इसके बावजूद राष्ट्रपति तय कार्यक्रम के अनुसार आश्रम पहुंचीं। लगभग आधे घंटे चली इस मुलाकात में आध्यात्मिक विषयों, जीवन मूल्यों और समाज में धर्म की भूमिका पर चर्चा हुई।
इससे पहले गुरुवार शाम राष्ट्रपति इस्कॉन मंदिर वृंदावन पहुंचीं। जैसे ही उनका काफिला मंदिर के प्रवेश द्वार पर पहुंचा, अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान शहर की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया।
मंदिर में दर्शन के बाद राष्ट्रपति का काफिला प्रेम मंदिर वृंदावन के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते भर बिजली गुल रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिसकर्मी अंधेरे में ही तैनात रहे और काफिला बिना रोशनी के ही मंदिर तक पहुंचा।
बताया जा रहा है कि करीब 25 मिनट तक शहर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्रेम मंदिर में दर्शन करने के बाद जब राष्ट्रपति होटल लौटीं, तब जाकर कुछ इलाकों में बिजली बहाल हो सकी, जबकि शहर का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहा।
मौसम की इस चुनौती के बावजूद राष्ट्रपति का ब्रज दौरा पूरी तरह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। इस दौरे को आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































