President Droupadi Murmu Ayodhya Visit: “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अयोध्या में राम मंदिर पहुंचकर श्रीराम यंत्र का पूजन किया, रामलला के दर्शन किए और नवसंवत्सर समारोह में शामिल हुईं।”
अयोध्या। द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने राम मंदिर अयोध्या में श्रीराम यंत्र के पूजन में भाग लिया। करीब डेढ़ वर्ष के अंतराल पर यह उनका दूसरा अयोध्या दौरा है। इस दौरान पूरे शहर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने उन्हें नगर की प्रतीकात्मक चाभी भेंट कर सम्मानित किया। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट से रामजन्मभूमि परिसर तक लगभग 15 किलोमीटर के मार्ग पर 20 से अधिक स्थानों पर सांस्कृतिक मंच सजाए गए थे, जहां करीब ढाई सौ कलाकारों ने अवधी लोकनृत्य, भजन और रामायण आधारित प्रस्तुतियों से राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।
रामजन्मभूमि परिसर पहुंचने पर राष्ट्रपति ने मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र व रामनाम मंदिर की स्थापना से जुड़े पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। इसके पश्चात उन्होंने रामलला के दर्शन किए और मध्याह्न आरती में शामिल हुईं।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति परकोटे का भ्रमण करते हुए मां अन्नपूर्णा और मां दुर्गा मंदिर में दर्शन करेंगी तथा नवसंवत्सर समारोह में भी भाग लेंगी। इस अवसर पर मंदिर निर्माण से जुड़े चुनिंदा शिल्पियों को सम्मानित करने के साथ ही वह श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन कर सामाजिक समरसता का संदेश देंगी। दोपहर बाद वह सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी और वहां से विशेष विमान द्वारा आगे की यात्रा पर रवाना होंगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































