“पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में ईद के मौके पर आयोजित जनसभा में बीजेपी और पीएम मोदी पर तीखे शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा, “BJP को वोट का अधिकार छीनने नहीं दूंगी, आखिर तक लड़ूंगी।”
कोलकाता/पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को ईद के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित जनसभा में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्य सरकार और नागरिकों के अधिकारों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर संकट के समय कोई और हमारे साथ खड़ा न हो, तो हम बंगाल के हर नागरिक, हर समुदाय और हर जाति-धर्म के साथ खड़े होकर उनकी ओर से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।” उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए उनकी विदेश दौरों और देश में विभाजनकारी राजनीति के बीच विरोधाभास को उजागर किया।
ममता बनर्जी ने राज्य में कथित सेंट्रल एजेंसियों के अत्यधिक दखल और केंद्र सरकार की कोशिशों पर भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “आप हमारी सरकार को जबरदस्ती कंट्रोल कर रहे हैं। फिर भी हम डरेंगे नहीं। जो डर के आगे झुक जाते हैं, उनका हारना तय है, जो लड़ते हैं, आखिर में जीतते हैं।”
विपक्ष की साजिश और वोट बैंक को बांटने की कोशिश के खिलाफ चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “बीजेपी हर चीज पर कब्जा करना चाहती है। वे चाहते हैं कि सिर्फ उनके नेता ही रहें। किसी भी हालत में उनके गद्दारों का साथ न दें।”
जनसभा के दौरान ममता ने मशहूर उर्दू शेर का जिक्र करते हुए कहा, “दुश्मन कितना भी बुरा चाहे, आखिर में वही होता है जो भगवान का लिखा होता है। हमारा संकल्प है- बीजेपी हटाओ, देश बचाओ।”
इस भाषण को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर विपक्ष पर स्पष्ट और जोरदार राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































