“मथुरा के छाता क्षेत्र में ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध मौत के बाद हिंसा भड़क गई। दिल्ली-आगरा हाईवे जाम, पथराव और पुलिस कार्रवाई के बीच योगी आदित्यनाथ ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। “जानें पूरी खबर, …
मथुरा। छाता क्षेत्र में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से चर्चित बाबा चंद्रशेखर की संदिग्ध मौत के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया और पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।
हादसा या साजिश?
प्रशासन के मुताबिक, घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से लदे ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मार दी, जिसमें बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
बताया गया कि बाबा अपने साथियों के साथ गोवंश तस्करी की सूचना पर एक कंटेनर की जांच कर रहे थे, जिसमें साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान भरे हुए थे।
हाईवे पर बवाल, पथराव और तोड़फोड़
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने दिल्ली हाईवे जाम कर दिया और वाहनों पर पथराव किया। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, वहीं एसडीएम और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और बल प्रयोग किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका, लेकिन बीच-बीच में स्थिति फिर बिगड़ती रही।
भारी पुलिस बल तैनात, सख्ती बढ़ी
हालात बिगड़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं मामले की जांच जारी है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































