“लखनऊ के आशियाना में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पढ़ाई के दबाव से नाराज़ बेटे ने पैथोलॉजी संचालक पिता को गोली मार दी। शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाया। गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। आरोपी हिरासत में है और फॉरेंसिक जांच जारी है।“
हाइलाइट्स:
- 20 फरवरी को दर्ज गुमशुदगी केस में हत्या का खुलासा
- बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने पिता मानवेंद्र सिंह को मारी गोली
- शव के दो टुकड़े कर आधा हिस्सा ड्रम में छिपाया
- दोनों हाथ काटकर सदरौना क्षेत्र में फेंके
- फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए
- पढ़ाई के दबाव को लेकर हुआ था विवाद
लखनऊ। राजधानी के लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-एल में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पढ़ाई के दबाव से नाराज 19 वर्षीय बेटे ने अपने पिता, वर्धमान पैथोलॉजी के संचालक मानवेंद्र सिंह (49) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने उसे दो हिस्सों में काट दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बदबू से खुला राज, ड्रम में मिला शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने घर से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान ग्राउंड फ्लोर पर रखे एक ड्रम से मानवेंद्र सिंह का धड़ बरामद हुआ। दोनों हाथ शरीर से अलग पाए गए, जिन्हें आरोपी ने काटकर फेंक दिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
20 फरवरी की सुबह मारी गोली
डीसीपी सेंट्रल विक्रम वीर सिंह के अनुसार, 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे अक्षत प्रताप सिंह उर्फ राजा ने लाइसेंसी रायफल से अपने पिता को गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने आरी से शव के दोनों हाथ काट दिए और उन्हें कार से पारा थाना क्षेत्र के सदरौना के पास फेंक आया।
हत्या के बाद आरोपी ने 20 फरवरी को ही आशियाना थाने में अपने पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
पढ़ाई को लेकर होता था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लगातार दबाव बनाते थे और डांटते रहते थे। 20 फरवरी की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में उसने यह कदम उठा लिया।
परिवार की पृष्ठभूमि
मानवेंद्र सिंह आशियाना के सालेहनगर और बुद्धेश्वर रोड पर “वर्धमान” नाम से पैथोलॉजी संचालित करते थे। इसके अलावा उनके पास दो देशी शराब के ठेके भी थे। उनकी पत्नी का करीब नौ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। परिवार में बेटा अक्षत (बीकॉम छात्र, टीएस मिश्रा कॉलेज) और बेटी (11वीं की छात्रा) हैं।
मृतक का छोटा भाई एसएस रजावत उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में विधानसभा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात है। घटना के समय वह गांव गया हुआ था। मृतक के माता-पिता जालौन जिले के ग्राम उदयपुरा में रहते हैं।
दोस्त से टूटा राज
पड़ोसियों के अनुसार, अक्षत ने अपने पिता के मित्र सोनू गुप्ता को बताया था कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है। इस पर शक होने पर दोस्तों ने सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली।
बेटी की भूमिका पर सवाल
घटना के दौरान घर में मौजूद बेटी अब तक चुप है। पुलिस के अनुसार, वह इस मामले की अहम गवाह हो सकती है। गोली चलने और शव काटे जाने के दौरान उसने किसी को सूचना क्यों नहीं दी, यह जांच का विषय है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त रायफल बरामद कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी में हुई इस निर्मम वारदात ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि पारिवारिक रिश्तों और युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































